कुंजापुरी मंदिर के पास बड़ा हादसा, गहरी खाई में गिरी बस, 5 की मौत

टिहरी : टिहरी जिले के नरेंद्रनगर क्षेत्र में सोमवार दोपहर कुंजापुरी मंदिर के समीप एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। गुजरात से कुंजापुरी दर्शन को आई 29 यात्रियों से भरी एक पर्यटक बस अनियंत्रित होकर करीब 70 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में अब तक 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 यात्री गंभीर रूप से घायल हैं।

मृतकों में चार पुरुष और एक महिला शामिल हैं। घायलों में से तीन को तुरंत एम्स ऋषिकेश और चार को श्रीदेव सुमन उप जिला चिकित्सालय नरेंद्रनगर रेफर किया गया है। शेष 17 यात्री मामूली चोटों के साथ सुरक्षित हैं, जिनका प्राथमिक उपचार मौके पर ही किया गया।

ये भी पढ़ें:   बदरीनाथ से लौट रहा हेलीकॉप्टर क्रैश, पायलट समेत 6 लोगों की मौत; सीएम धामी ने दिए जांच के आदेश

हादसा दोपहर करीब 1:30 बजे हुआ। सूचना मिलते ही जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसपी आयुष अग्रवाल, एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर ढालवाला, कोटि कॉलोनी और एसडीआरएफ मुख्यालय से पांच रेस्क्यू टीमें रवाना की गईं। स्थानीय ग्रामीणों ने भी बहादुरी दिखाते हुए सबसे पहले बचाव कार्य शुरू किया और कई यात्रियों को खाई से बाहर निकाला।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट ने बताया, “बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। तेज ढलान और तीखे मोड़ पर ड्राइवर का नियंत्रण खोने से यह हादसा हुआ लगता है। रेस्क्यू ऑपरेशन अभी जारी है और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचा दिया गया है।

ये भी पढ़ें:   एमडीडीए का अवैध निर्माणों पर बड़ा प्रहार, सात स्थानों पर सीलिंग

मृतकों और घायलों की पहचान करने की प्रक्रिया जारी है। सभी यात्री गुजरात के विभिन्न जिलों से कुंजापुरी मंदिर के दर्शन को आए थे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों से संपर्क कर लिया है और उन्हें तुरंत उत्तराखंड पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *