स्वतंत्रता दिवस पर विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने किया झंडारोहण, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन, धराली आपदा पीड़ितों के प्रति व्यक्त की संवेदना

देहरादून: उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने 79वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर विधानभवन, देहरादून परिसर में ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण समारोह में विधानसभा सचिवालय के अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक, मीडिया प्रतिनिधि एवं आमजन उपस्थित रहे।

झंडारोहण के उपरांत अपने उत्साहवर्धक संबोधन में विधानसभा अध्यक्ष ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं आंदोलनकारियों के अदम्य साहस, बलिदान और राष्ट्रप्रेम को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि आज़ादी का यह पर्व हमें अपने कर्तव्यों, मूल्यों और देशहित में योगदान देने की प्रेरणा देता है। उन्होंने धराली आपदा में हुए जनहानि एवं क्षति पर गहरी संवेदना व्यक्त की और कहा कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन प्रभावित परिवारों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है।

पाकिस्तान समर्थित आतंकवाद की कड़ी निंदा करते हुए उन्होंने हाल ही में पहलगाम में हुई घटना का उल्लेख किया और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी तथा भारतीय सेना द्वारा चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर की सराहना करते हुए कहा कि यह आतंकवाद के विरुद्ध भारत की दृढ़ इच्छाशक्ति और सैन्य सामर्थ्य का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आज भारत वैश्विक मंच पर मजबूती से खड़ा है, आत्मनिर्भरता, राष्ट्रीय सुरक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।

ये भी पढ़ें:   मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड प्रमुख संगठन सम्मेलन में किया प्रतिभाग, क्षेत्र पंचायतों को सशक्त बनाने के लिए की चार महत्वपूर्ण घोषणाएं

इस अवसर पर उन्होंने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) को हाल ही में संपन्न NISAR उपग्रह प्रक्षेपण की ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई दी और कहा कि अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी में भारत की यह प्रगति विश्व में हमारे वैज्ञानिक कौशल और शोध क्षमता का प्रमाण है।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड के प्रति विशेष लगाव हमारे लिए गर्व का विषय है। चारधाम परियोजना, ऑल वेदर रोड, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा, तथा पहाड़ी क्षेत्रों के सतत विकास हेतु प्रधानमंत्री द्वारा दी गई प्राथमिकता ने उत्तराखंड के विकास को नई गति प्रदान की है।

ये भी पढ़ें:   श्रीनगर में मुख्यमंत्री धामी के स्वागत को सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब

राज्य स्तर पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार के प्रयासों से उत्तराखंड तीव्र गति से विकास पथ पर अग्रसर है। ईज़ ऑफ डूइंग बिज़नेस में सुधार, स्टार्टअप रैंकिंग में प्रगति, पर्वतमाला परियोजना, मानसखंड मंदिर माला योजना, तथा ऑल वेदर रोड जैसी आधारभूत संरचना परियोजनाएं उत्तराखंड की आर्थिक, सांस्कृतिक और पर्यटन क्षमता को नई ऊँचाइयों तक ले जा रही हैं।

अपने संबोधन में उन्होंने हाल ही में विधानसभा में स्थापित अंतरराष्ट्रीय संसदीय अध्ययन, शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान का भी उल्लेख किया, जो नीति निर्माण और शोध को नई दिशा देगा। उन्होंने बताया कि इस संस्थान ने स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय के साथ एक एमओयू किया है, जिसके अंतर्गत जल संरक्षण एवं पुनर्जीवन के क्षेत्र में ठोस कार्य किए जाएंगे। यह पहल आने वाली पीढ़ियों के लिए प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में मील का पत्थर साबित होगी। अंत में, विधानसभा अध्यक्ष ने समस्त प्रदेशवासियों एवं देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमें एकजुट होकर “विकसित भारत @ 2047” के लक्ष्य की ओर बढ़ना है और उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करना है।

ये भी पढ़ें:   उत्तराखण्ड: सोलर पैनल लगाने वालों को बड़ी राहत, अब नहीं काटने पड़ेंगे UPCL दफ्तरों के चक्कर

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *