21 साल की प्रियंका नेगी संभाली सीएम धामी के आदर्श गांव सारकोट की कमान, सबसे कम उम्र की बनीं ग्राम प्रधान

चमोली जनपद के कर्णप्रयाग गैरसैंण विकासखंड स्थित मुख्यमंत्री आदर्श गांव सारकोट में 21 वर्षीय प्रियंका नेगी ग्राम प्रधान निर्वाचित हुई हैं। उन्होंने 421 मत प्राप्त कर अपनी प्रतिद्वंदी प्रियंका देवी को 186 वोटों से हराया। प्रियंका राजनीति शास्त्र में स्नातक हैं और गैरसैंण महाविद्यालय से पढ़ाई पूरी कर चुकी हैं। इससे पूर्व 2014 से 2019 तक उनके पिता राजे सिंह नेगी भी ग्राम प्रधान रह चुके हैं।

सारकोट गांव, जो कि क्षेत्र के सबसे बड़े गांवों में से एक है, में 300 से अधिक परिवार निवास करते हैं। यहां पलायन न होने के चलते मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भराड़ीसैंण विधानसभा सत्र के दौरान इस गांव को मुख्यमंत्री आदर्श गांव घोषित किया था। तब से गांव में विकास कार्यों की गति तेज हुई है। गांव के प्रत्येक घरों को एक जैसे रंग में रंगा गया है, मशरूम उत्पादन, पशुपालन, कृषि व स्वास्थ्य के क्षेत्र में कई पहल की गई हैं। इसके साथ ही समय-समय पर अधिकारियों द्वारा जागरूकता शिविर भी लगाए जाते हैं।

ये भी पढ़ें:   अवैध निर्माण पर एमडीडीए की सख्त कार्रवाई, ऋषिकेश में बहुमंजिला भवन सील

नवनिर्वाचित प्रधान प्रियंका नेगी ने कहा कि वे मुख्यमंत्री के प्रयासों को आगे बढ़ाते हुए गांव के समग्र विकास में योगदान देंगी। विशेषकर वे महिलाओं को जागरूक कर उन्हें हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगी। उनके पिता और पूर्व ग्राम प्रधान राजे सिंह नेगी ने भी आश्वासन दिया है कि वे अपनी बेटी का गांव के विकास में हरसंभव साथ देंगे।

प्रियंका की यह जीत युवा नेतृत्व की एक मिसाल बन गई है, जो आने वाले समय में गांव की दिशा और दशा बदलने में अहम भूमिका निभा सकती है।

ये भी पढ़ें:   मैक्स हॉस्पिटल, देहरादून ने मनाया इंटरनेशनल चाइल्डहुड कैंसर डे; जल्दी पता लगाने और समय पर इलाज पर दिया ज़ोर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *