देहरादून : बस और लोडर ऑटो के बीच टक्कर, बच्चे समेत 2 की मौत, 14 घायल

देहरादून: राजधानी देहरादून में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शिमला बाईपास स्थित सिंघनीवाला क्षेत्र में बस और लोडर ऑटो की भीषण टक्कर हो गई। टक्कर के बाद लोडर वाहन सड़क से नीचे जा पलटा, जबकि बस सड़क पर ही पलट गई। इस हादसे में एक बच्चा और एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब दो बजे यह दुर्घटना हुई। बस विकासनगर से देहरादून की ओर आ रही थी। सहसपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सिंघनीवाला शिमला बाईपास पर बस की टक्कर सामने से आ रहे एक लोडर वाहन से हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस दो बार पलटी और कुछ यात्री उसके नीचे दब गए। वहीं, लोडर सड़क किनारे नीचे जा गिरा।

ये भी पढ़ें:   अवैध निर्माण और प्लॉटिंग पर एमडीडीए का प्रहार, 13 बीघा अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त

हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। उन्होंने बस को उठाकर दबे हुए घायलों को बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल भिजवाया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को ग्राफिक एरा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक व्यक्ति और एक बच्चे को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई। हादसे की जांच जारी है और टक्कर के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

ये भी पढ़ें:   जनपद दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *