उद्यान विभाग में जल्द होगी 415 मालियों की भर्ती, कृषि मंत्री गणेश जोशी ने दिए अधिकारियों को निर्देश..

देहरादून। उत्तराखंड में उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग द्वारा राज्य के सभी जिलों में स्थित विभिन्न राजकीय उद्यानों और पौधशालाओं में 415 माली के पदों पर भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। भर्ती होने वाले सभी कार्मिक आउटसोर्स से लिए जाऐंगे।

मंगलवार को देहरादून के हाथीबड़कला स्थित कैंप कार्यालय में कृषि एवं उद्यान विभाग की बैठक के दौरान कृषि मंत्री गणेश जोशी ने यह बात कही। मंत्री ने अधिकारियों को जल्द से जल्द आउटसोर्सिंग के माध्यम से रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार लगातार युवाओं को रोजगार देने के लिए नए कदम उठा रही है और अभी तक तीन वर्षों में 20 हजार से अधिक लोगों के रोजगार प्रदान कर चुकी है।

ये भी पढ़ें:   त्योहारों से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा अभियान, देहरादून में 14 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए

विभागीय मंत्री ने कहा कि मालियों की नियुक्ति के बाद राज्य के उद्यानों और पौधशालाओं में उद्यानों के रखरखाव और सौंदर्यीकरण को बढ़ावा मिलेगा। इससे बागवानी, फल-फूल उत्पादन और वृक्षारोपण कार्यों में भी तेजी आएगी। कृषि मंत्री ने कहा कि यह फैसला उत्तराखंड में बागवानी क्षेत्र को और मजबूत करेगा तथा स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराएगा। इस दौरान मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों को आगामी अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित किए जाने वाले उत्तराखंड की प्रगतिशील महिला किसानों के सम्मान कार्यक्रम की सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के भी आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

ये भी पढ़ें:   जन समाधान दिवस में 110 से अधिक शिकायतें प्राप्त, अपर जिलाधिकारी एवं संयुक्त मजिस्ट्रेट ने सुनीं जनसमस्याएं

इस अवसर पर कृषि महानिदेशक रणवीर सिंह चौहान, संयुक्त निदेशक कृषि दिनेश कुमार, निदेशक कैप डा0 नृपेन्द्र सिंह, डा0 रतन कुमार, रेशम निदेशक प्रदीप कुमार सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *